Manmohan Singh laid to rest: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। आर्थिक सुधारों के जनक, राजनीति में सादगी और सौम्यता के प्रतीक बने मनमोहन सिंह का दिल्ली के निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया है।
पूर्व प्रधानमंत्री की बेटी ने मनमोहन सिंह की चिता को मुखाग्नि दी। मनमोहन सिंह का सिख धर्म के अनुष्ठानों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री को 21 तोपों की सलामी दी गई। मनमोहन सिंह की अंत्येष्टि के समय उनकी पत्नी गुरशरण कौर, तीनों बेटियां और कई रिश्तेदार मौजद थे।
नम आंखों ने दी गई मनमोहन सिंह को अंतिम विदाई
मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव शरीर को निगमबोध घाट पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और तमाम हस्तियों ने मनमोहन सिंह को अंतिम विदाई दी। भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल भी निगमबोध घाट पर गए थे,जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।