Today’s Weather Update: नवंबर का महीना शुरू हो चुका है। लेकिन ठंड का कहीं कोई नामों निशान तक नहीं है। हालांकि उत्तर भारत के कुछ राज्यों में सुबह और शाम के समय हल्का पारा लुढ़कने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल रही है। देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के कारण लोगों का बुरा हाल है। दिल्ली का एक्यूआई लगभग 400 के करीब आ पहुंचा है। वहीं दोपहर की तेज धूप से भी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोग काफी परेशान है। ऐसे में हर कोई ये जानने के लिए बेताब है कि भारत में ठंड का आगाज कब होगा। आइए जानते हैं कि मौसम विज्ञान विभाग ने मौसम को लेकर क्या नया वेदर अपडेट जारी किया है।
दिल्ली में गर्मी
देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को भी सितम ढाने वाली गर्मी पड़ी। दिल्लीवाले न सिर्फ गर्मी बल्कि वायु प्रदूषण के कारण भी काफी परेशान हैं। लोगों को खांसने या सांस न लेने जैसी तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में प्रदूषण जल्द ही कम हो सकता है और ठंड का मौसम दिल्ली में बहुत जल्द दस्तक देने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 5 नवंबर तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को गर्म कपड़े पहनने की जरूरत महसूस हो सकती है। खासतौर से सुबह और शाम के वक्त ठंड बढ़ जाएगी जिससे दिल्लीवालों को राहत मिलेगी।
इन राज्यों में बारिश
मौसम विज्ञान के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, तटीय लक्षद्वीप और दक्षिणी कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के साथ गोवा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही अंडमान और निकोबार में 5 नवंबर को तेज बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में गिर रहा है पारा
मौसम विभाग की मानें तो अब उत्तर भारत में रहने वालों को कंबल और रजाई समेत गर्म कपड़े निकाल लेने चाहिए। दरअसल, आईएमडी के अनुसार उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम फिलहाल साफ रहने का अनुमान है। हालांकि यूपी से लेकर बिहार तक कई राज्यों में सुबह और शाम की ठंड लोगों को महसूस होने लगी है। इसके अलावा राजस्थान में भी तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं पंजाब और हरियाणा समेत आस-पास के इलाकों में भी तापमान में आए दिन गिरावट देखी जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि सर्दियों का मौसम कुछ ही दिनों में जल्द शुरू हो सकता है।