Nitin Gadkari: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि जाति के नाम पर चुनाव जीतने वाले लोग अपने समुदाय के लिए कुछ नहीं करते, बल्कि अपने परिवार के सदस्यों को चुनाव में उतारने के लिए टिकट मांगते हैं।
एक सवाल के जवाब में गडकरी ने कहा, ‘‘अब राजनीति में समस्या यह है कि पिछड़ापन एक राजनीतिक हित बन गया है…इसलिए हर कोई यह साबित करना चाहता है कि वह पिछड़ा है।’’
मंत्री ने कहा कि जिनके पास लोगों को दिखाने के लिए कोई काम नहीं है, वे जाति के नाम पर चुनाव जीतने की कोशिश करते हैं। गडकरी ने कहा, ‘‘मुझे एक उदाहरण बताइए, जब किसी ने जाति के नाम पर चुनाव जीता हो और फिर अपने समुदाय के कल्याण के लिए काम किया हो? चुनाव जीतने के बाद वे अपनी पत्नी और बच्चों के लिए टिकट मांगते हैं।’’
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को गरीबों, युवाओं, किसानों, महिलाओं के कल्याण और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए। गडकरी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कभी जाति के बारे में बात नहीं की।
यह भी पढ़ें: ‘कौन सी दुश्मनी दिखा रहे तेलंगाना CM’, अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर भड़के T Raja