Bageshwar Baba: बागेश्वर बाबा के नाम से मशहूर धीरेंद्र शास्त्री ने दलित पुजारियों की वकालत की है। बागेश्वर धाम के मुखिया धीरेंद्र शास्त्री लगातार सनातन बोर्ड और हिंदू धर्म को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। फिलहाल उन्होंने सभी शंकराचार्य और आचार्यों से आह्वान किया है कि मंदिरों में दलितों को भी पुजारियों के रूप में जगह मिलनी चाहिए।
बागेश्वर बाबा से सवाल पूछा गया था कि हिंदुओं के जो मंदिर हैं, उनके दलित-आदिवासी या नीची जाति के लोगों को भी पुजारी होना चाहिए। अपने जवाब में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि अगर ये हमारे साथ में होता तो हम आज ही घोषणा कर देते। बागेश्वर बाबा ने कहा कि वैदिक परंपरा का पालन करने वाले और वैष्णव परंपरा की मान्यता को पूर्ण रूप से मानने वाले, जिनके मठों के शंकराचार्य और आचार्य हैं, हम उनसे प्रार्थना करेंगे कि सामाजिक समरसता के लिए सबको एक करने के लिए इस तरह की व्यवस्था होनी चाहिए।
देश में सब हिंदू ही हैं तो हिंदू ही मंदिर का पुजारी है- बागेश्वर बाबा
धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान में कहा- ‘हम ये नहीं कह रहे हैं कि कौन होना चाहिए, हम ये कहते हैं इस देश में ना दलित हैं, ना पिछड़े हैं और ना बिछड़े हैं, सभी लोग पुजारी हो सकते हैं। जब हम हिंदू ही बना रहे हैं तो कौन फिर दलित बच रहा है, कौन पिछड़ा बच रहा है। जब मामला ही खत्म कर रहे हैं तो फिर सबको अधिकार मिलना चाहिए।’ उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा- ‘शंकराचार्य और आचार्यों से प्रार्थना है कि इस व्यवस्था पर पुरजोर तरीके से सभी को विचार करना चाहिए। जब देश में सब हिंदू ही हैं तो हिंदू ही मंदिर का पुजारी है, इसमें ना कोई दलित बचा है और ना कोई पिछड़ा और बिछड़ा बचा है।’
यह भी पढे़ं: दिल्ली चुनाव महाभारत जैसा धर्मयुद्ध, दैवीय शक्तियां हमारे साथ- केजरीवाल