गुजरात के भरूच जिले के अंकलेश्वर शहर में अपने पड़ोस से आठ वर्षीय एक बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या करने के आरोप में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक कुशल ओझा ने बताया कि शैलेंद्र राजपूत ने बच्चे का अपहरण कर लिया और उसके पिता से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, क्योंकि शेयर बाजार में नुकसान के कारण वह कर्ज में डूबा हुआ था। शैलेंद्र राजपूत की पोस्टिंग मध्य प्रदेश के ग्वालियर में थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजपूत ने कथित तौर पर बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और उसके परिजनों से पैसे मांगने के लिए उसे बंधक बना लिया, ताकि वह अपना कर्ज चुका सके।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिरौती की मांग के बाद बच्चे के परिजनों ने पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय निगरानी का इस्तेमाल कर सीआरपीएफ के कांस्टेबल का पता लगाया तथा उसे गिरफ्तार कर लिया। ओझा ने बताया कि बच्चे के लापता होने के बाद इलाके में पुलिस की मौजूदगी के कारण आरोपी शव का निपटान नहीं कर सका।
इसे भी पढ़ें: AMU राजा महेंद्र प्रताप सिंह की जमीन पर…वहां SC/ST/OBC को…-सतीश गौतम