Haryana News: फरीदाबाद पुलिस ने उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है जिसने अपनी प्रेमिका को प्रभावित करने के लिए चार दिन पहले यहां एक निजी अस्पताल को बम से उड़ाने की कथित रूप से धमकी दी थी। इस महिला से उसकी सगाई होने वाली थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंकित पासवान बिहार के पटना का रहने वाला है।
आरोपी ने इन वजहों से दी थी धमकी
पासवान ने पुलिस को बताया कि उसने अस्पताल को दो कारणों से धमकी भरा फोन किया था – पहला, वह अपनी प्रेमिका को प्रभावित करना चाहता था और दूसरा, वह महिला की मां की मौत से नाराज था।
अपराध शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अमन यादव ने बताया कि शहर के सेक्टर आठ स्थित एक निजी अस्पताल को धमकी मिली थी कि उसे बम से उड़ा दिया जाएगा। यादव ने बताया कि अधिकारियों से निर्देश मिलने पर यहां के अफसरों की एक संयुक्त टीम ने पासवान को पटना से गिरफ्तार कर लिया
पुलिस ने किया खुलासा
उन्होंने बताया, “जिस महिला से उसकी सगाई होने वाली थी, उसकी मां कुछ समय पहले अस्पताल में भर्ती थी। आरोपी की होने वाली मंगेतर की मां का इलाज इसी अस्पताल में किया जा रहा था।” यादव ने कहा कि लेकिन दूसरे अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उनके मुताबिक, इससे नाराज होकर और अपनी प्रेमिका को प्रभावित करने के लिए उसने इस अस्पताल को धमकी दी।
एसीपी ने बताया कि आरोपी नौकरी पाने के लिए कोचिंग क्लास लेता है और वह 10वीं के बच्चों को कोचिंग भी देता है। उन्होंने कहा कि वे आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ‘अरे छोटे ओवैसी तुझे बोल रही हूं…15 सेकेंड लगेंगे’, अकबरुद्दीन को नवनीत राणा ने ललकारा