Bahraich News: बहराइच में दंगाइयों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा एक्शन होने जा रहा है। हिंसा करने वाले आरोपियों के घरों पर कभी भी बुलडोजर चल सकता है। वो इसलिए कि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने हिंसा के बाद दंगाइयों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के ऑर्डर दे रखे हैं। अभी प्रशासन दंगाइयों से पूरा हिसाब करने करने की तैयारी में है। घरों और दुकानों पर नोटिस चस्पा किए जा चुके हैं। हालांकि सबसे बड़े एक्शन से पहले ही बहराइच में लोग खौफ खाए हैं। उन्होंने अपना बोरिया-बिस्तर समेटना शुरू कर दिया है। दुकानों को खाली कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बहराइच के महराजगंज इलाके में हुई हिंसा के बाद आरोपियों पर सख्त एक्शन के रूप में उनके 23 अवैध निर्माणों की पहचान की गई है। अलग-अलग 23 जगहों पर आरोपियों ने दुकान और मकान बना रखे हैं, जिन्हें बुलडोजर से तोड़ा जा सकता है। बुलडोजर के डर से इन दुकानों और मकानों में रहने वाले लोग अपना सामान समेट रहे हैं। कई लोगों ने अपनी दुकान और मकान खाली कर दिए हैं।
बुलडोजर के डर से लोगों ने खाली किए घर-दुकान
लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को बहराइच हिंसा के आरोपी अब्दुल हमीद के अवैध निर्माण को लेकर उसके घर को ध्वस्त करने का नोटिस जारी किया था। अन्य जगहों पर नोटिस चस्पा किए गए थे। शनिवार को सामने आई तस्वीरों में देखा गया है कि कुछ लोग सामानों को ले जा रहे हैं। दुकानों को खाली कर रहे हैं। मकानों से सामान निकाला जा रहा है। महराजगंज में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए बवाल के बाद इन लोगों के सामने ऐसी स्थिति पैदा हुई है।
13 अक्टूबर को भड़की हिंसा में हुई रामगोपाल की हत्या
बहराइच में महसी इलाके के महराजगंज में 13 अक्टूबर को हिंसा भड़की थी। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हुई, जिसमें रामगोपाल मिश्रा नाम के एक युवक की हत्या कर दी गई। कई लोग घायल भी हुए थे। क्योंकि जुलूस पर अराजक तत्वों ने पथराव किया था और गोलियां चलाई थीं। रामगोपाल मिश्रा की मौत गोली लगने से ही हुई थी। मामले में अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो मुख्य आरोपियों सरफराज और तालिब को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था, जो कथित तौर पर नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे।
बहराइच के हालातों पर CM योगी रख रहे हैं नजर
बहराइच दो दिनों (13 अक्टूबर और 14 अक्टूबर) तक हिंसा की आग में जला था। कई गाड़ियों को उग्र भीड़ ने फूंक दिया था। दुकानों, मकानों और अस्पताल में आग लगा दी गई थी। हालात बेहद गंभीर हो चुके थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की पल-पल जानकारी हासिल की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। सीएम योगी के ऑर्डर पर ही उत्तर प्रदेश के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) और एसटीएफ चीफ अमिताभ यश खुद बहराइच में हालात संभालने उतरे थे और उन्हें सड़क पर पिस्टल लहराते हुए दंगाइयों को खदेड़ते हुए भी देखा गया।
हिंसा के बाद से बहराइच को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अपडेट ले रहे हैं। अधिकारियों से संपर्क साधा जा रहा है और जानकारी हासिल की जा रही है। अभी बुलडोजर एक्शन से पहले भी मुख्यमंत्री ने लखनऊ में अधिकारियों के साथ बैठक की है। बताया जाता है कि सीएम योगी ने बहराइच के ताजा हालातों पर जानकारी ली है। तकरीबन 45 मिनट तक चली मीटिंग में यूपी के DGP प्रशांत कुमार और ADG अमिताभ यश दोनों मौजूद रहे हैं। DGP प्रशांत कुमार ने बहराइच के ताजा हालातों से सीएम योगी को अवगत कराया।
यह भी पढे़ं: मासूम के साथ डिजिटल रेप के मामले में शिक्षिका और स्कूल प्रशासक को जमानत