UP News: उत्तर प्रदेश में उपचुनावों में भाजपा की शानदार जीत के लिए सरकार और पार्टी संगठन ने एक-दूसरे की तारीफ की, प्रमुख नेताओं ने जीत का श्रेय संगठनात्मक पहुंच और सरकार के प्रदर्शन के संयोजन को दिया।
प्रदेश भाजपा प्रमुख भूपेंद्र चौधरी ने जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों और नेतृत्व को दिया। वहीं मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों ने इस उपलब्धि के लिए संगठन और पार्टी के कार्यकर्ताओं के योगदान की प्रशंसा की।
BJP ने छह सीट पर जीत हासिल की
भाजपा ने नौ विधानसभा सीट में से छह पर जीत हासिल की, जबकि उसके सहयोगी रालोद ने एक सीट जीती। विपक्षी समाजवादी पार्टी ने शेष दो सीट पर जीत हासिल की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राज्य विधानसभा उपचुनावों में पार्टी की जीत की सराहना करते हुए इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनता के अटूट विश्वास को दिया।
यूपी की जनता के फैसले का सम्मान करता हूं- चौधरी
चौधरी ने मुरादाबाद जिले की कुंदरकी सीट पर भाजपा की जीत का हवाला देते हुए कहा कि यह नतीजे “जातिवादी, क्षेत्रवादी और धर्म आधारित राजनीति करने वालों के मुंह पर तमाचा हैं।”
चौधरी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, “मैं उत्तर प्रदेश की महान जनता के फैसले का सम्मान करता हूं। उन्होंने मोदी, योगी और भाजपा की नीतियों पर अपना भरोसा जताया है और हमें स्नेह और आशीर्वाद दिया है। इसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
चौधरी ने भाजपा के कल्याण-उन्मुख दृष्टिकोण को भारी समर्थन मिलने का उल्लेख करते हुए कहा, “जनता और गरीबों के कल्याण के उद्देश्य से हमारी नीतियां पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ती रहेंगी।”
चौधरी ने मुरादाबाद जिले की कुंदरकी विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार को 1.40 लाख से अधिक मतों से मिली जीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुंदरकी में जनादेश प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के दृष्टिकोण के समर्थन में एक स्पष्ट संदेश है। चौधरी ने कहा कि यह उन लोगों के मुंह पर तमाचा है जो जातिवादी, क्षेत्रवादी और धर्म-आधारित राजनीति करते हैं।
उन्होंने कहा, “विकास की अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग परिभाषा हो सकती है लेकिन इस राज्य के लोगों ने वैचारिक रूप से हमारी कल्याणकारी नीतियों का समर्थन किया है और मोदी जी और योगी जी को वोट दिया है।” चौधरी ने कहा, “हम उत्तर प्रदेश की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं।”
उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि भाजपा ने किस तरह पूरे अभियान का सूक्ष्म प्रबंधन किया गया। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि शायद ही कोई सीट, कोई बूथ ऐसा रहा होगा, जिसे उप्र भाजपा महासचिव (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कवर न किया हो। वास्तव में, उन्होंने पन्ना प्रमुखों का भी ध्यान रखा।”
पन्ना प्रमुख का मतलब मतदाता सूची के एक पृष्ठ पर मुद्रित मतदाताओं से जुड़ने के लिए तैनात व्यक्ति से है।
लोकसभा चुनावों में विपक्ष ने लगाया था ये आरोप
साल 2024 के लोकसभा चुनावों में उप्र में भाजपा के लचर प्रदर्शन के बाद विपक्ष ने आरोप लगाया था कि पार्टी और सरकार बिखर रही है, इसलिए भाजपा और संगठन दोनों ने एक सुर में बात की।
एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आदित्यनाथ और अन्य प्रमुख मंत्री तथा नेता प्रचार के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में गए, लेकिन यह सुश्चित करने के लिए हर बूथ पर 10 लोगों को तैनात किया गया कि पार्टी समर्थक वोट डालने के लिए मतदान केंद्र जाएं।
नाम न बताने की शर्त पर नेता ने कहा, “बूथ-स्तरीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को चार महीने पहले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशिष्ट कार्य सौंपा गया था।”
यह भी पढ़ें: ‘महाराष्ट्र के नतीजों ने कांग्रेस के झूठ को नकारा…’, PM मोदी ने बोला तीखा हमला