Arvind Kejriwal VS PM Modi : दिल्ली के BJP प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर सियासी हमला किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि दिल्ली की आपदा सरकार ने दिल्ली को लूटने का काम किया है, जबकि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली को नई दिशा दी गई है।
सचदेवा ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पूरे देश में 4 करोड़ लोगों को पक्का मकान दिया गया है और हर झुग्गीवाले को पक्की छत का आश्वासन पीएम मोदी ने दिया है। इसके साथ ही वीरेंद्र सचदेवा ने PM मोदी के शीशमहल वाले बयान को केजरीवाल पर सीधा तंज बताया, जो उनके मुताबिक, दिल्ली की जनता को लूटने का काम कर रहे हैं।
केजरीवाल की गंदी और छल वाली राजनीति- सचदेवा
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि, ‘हमारी मां यमुना के प्रति आस्था है और हम चाहते हैं कि BJP की सरकार दिल्ली में बने, ताकि दिल्ली विकास की गति से दौड़े।’ उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल विकास कार्यों में भी गंदी और छल वाली राजनीति देखते हैं। सचदेवा ने अंत में यह भी कहा कि अब कोई संदेह नहीं है, दिल्ली में जल्द ही BJP की सरकार बनेगी।
आपदा दिल्ली में नहीं BJP में आई है- केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आपदा दिल्ली में नहीं BJP में आई हुई है। बीजेपी के पास न तो मुख्यमंत्री फेस है और न ही एजेंडा। पूर्व सीएम ने कहा- हमने दिल्ली में इतने काम किए हैं कि घंटों तक गिना सकते हैं। अपने 43 मिनट के भाषण में वे (पीएम) कोई काम नहीं गिना पाए।
दिल्लीवाले सुरक्षा मांग रहे हैं- अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने यह पलटवार पीएम मोदी की रैली के डेढ़ घंटे बाद किया। दरअसल, मोदी ने शुक्रवार को अशोक विहार में रैली के साथ दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आगाज किया। इस रैली में उन्होंने AAP को दिल्ली के लिए ‘आपदा की सरकार’ बताया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर कानून-व्यवस्था की आपदा है। गैंगस्टर गोलियां चला रहे हैं, व्यापारी रो रहे हैं और सुरक्षा मांग रहे हैं। मोदी और शाह के कानों में आवाज नहीं पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि मैं मोदी जी से कहना चाहूंगा कि शाह जी से कहें सरकारें जोड़ने-तोड़ने से थोड़ा सा समय मिले तो दिल्ली की सुरक्षा पर ध्यान दें। जो काम हम कर रहे हैं, उसे आपदा नहीं, आशीर्वाद कहते हैं।
यह भी पढ़ें : यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से कचरे निकालने पर विरोध, आत्मदाह की कोशिश