OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटे सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर का सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ हमलों की सीरीज चला रहे राजभर ने इस बार शिवपाल के उस बयान को लेकर तीखा प्रहार किया है, जिसमें उन्होंने सपा की सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाने की बात कही।
यूपी सरकार में मंत्री राजभर ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'अखिलेश यादव जी, आपको कुर्मी समाज से क्यों इतनी चिढ़ है? जबसे आपकी पार्टी ने आजम खान को गृहमंत्री बनाने का ऐलान किया है, तब से आपके PDA यानी ‘पीट देगा अशफाक’ गैंग का जोश हाई हो गया है। अब आपके और आजम खान, दोनों के गुंडे बेअंदाज हो गए हैं। वे घेर-घेरकर प्रदेश भर के गैर-यादव पिछड़ों को सताना शुरू कर दिए हैं। खासकर उनकी रडार पर कुर्मी समाज के लोग हैं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'लखनऊ जानकीपुरम वाले आपके अपने लोहिया वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष का मामला पता है न? वही पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी का मामला… पूर्व प्रधान नब्बू, गुफरान और गुड्डू को लेकर भरत वर्मा पर गुंडई चमकाने स्कॉर्पियो से निकले थे। आपके एक इशारे पर वे इतने पागल हो गए कि वर्मा जी की जमीन पर कब्जा करने पहुंच गए। बाउंड्री पिलर तोड़ दिए, गाली-गलौज की और यहां तक कि हवाई फायरिंग तक कर डाली। लेकिन अखिलेश जी, आपके चाटुकार लोडर शायद आपके बहकावे में आकर जोश-जोश में यह भूल गए कि यूपी में किसकी सरकार है।
राजभर ने कहते हैं, 'अब खोजाई शुरू हो गई है। जल्द ही उल्टे करके सीधे कर दिए जाएंगे। लेकिन तब आप कुछ नहीं बोलेंगे। क्योंकि आपको तो लोगों का इस्तेमाल करना बखूबी आता है। अपने चाटुकारों को भड़काना, उनसे उल्टे-सीधे काम करवाना और फिर वे फंस जाएं तो उन्हें छोड़ देना- यही तो आपने आजम के साथ भी किया।'
ओपी राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि सैफई सिंडिकेट की वजह से कई परिवार तबाह हो गए। लेकिन अफसोस कि आपके समर्थक आपकी इस राजनीति को समझ नहीं पा रहे हैं, उन्होंने अपनी आंखों पर पर्दा डाल रखा है।
यह भी पढ़ें: सपा नेता आजम खान के ठिकानों पर सुबह-सुबह ED की रेड, दिल्ली-रामपुर टू सहारनपुर… 10 जगह एक साथ छापेमारी