पंजाब में दो संदिग्धों को अवैध रूप से बंधक बनाने तथा अफीम बरामदगी के एक मामले में गलत सूचना देकर अपने वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह करने के आरोप में पंजाब पुलिस के एक उपनिरीक्षक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के सहायक महानिरीक्षक स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि मादक पदार्थ निरोधक विशेष कार्य बल के लुधियाना रेंज के प्रभारी उपनिरीक्षक गुरमीत सिंह ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने 17 सितंबर को लुधियाना से 690 ग्राम अफीम के साथ दो संदिग्धों चरनजीत सिंह उर्फ चन्नी और रणबीर सिंह को पकड़ा था लेकिन उन्होंने अगले दिन तक संदिग्धों को अवैध रूप से बंधक बनाये रखा।
शर्मा ने कहा कि जब उनसे पूछा गया कि संदिग्धों को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए थे। एआईजी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि दोनों संदिग्धों को लुधियाना से नहीं बल्कि पटियाला जिले के एक गांव से लाया गया था जबकि गुरमीत ने दावा किया था कि उन्हें लुधियाना से पकड़ा गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘यह कहना जल्दबाजी होगी कि 690 ग्राम अफीम बरामद की गई थी या उसे वहां रखा गया था क्योंकि अभी मामले की जांच जारी है।’’ एआईजी ने बताया कि गुरमीत सिंह के करीबी बताए जा रहे दो अन्य लोगों को भी इस मामले में नामजद किया गया है।