आम आदमी पार्टी के (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर के स्वर्णमंदिर में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की बुधवार को निंदा करते हुए कहा कि एक ‘‘बहुत बड़ी घटना’’ को टालने के लिए पंजाब पुलिस प्रशंसा की पात्र है।
केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘बहुत बड़ी शक्तियां’’ पंजाब और राज्य के लोगों को बदनाम करने की साजिश कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि बादल पर हमले का मुद्दा भाजपा ने उठाया है लेकिन पार्टी ‘दिल्ली में हो रही हत्याओं, बलात्कार एवं गोलीबारी’ पर चुप है, जहां पुलिस केंद्र सरकार के अधीन है।
सुखबीर सिंह बादल पर बुधवार को एक पूर्व आतंकवादी ने उस समय गोली चलाने का प्रयास किया जब वह स्वर्ण मंदिर के बाहर ‘सेवादार’ के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान सादे कपड़े में मौजूद एक पुलिसकर्मी द्वारा आरोपी को काबू में किए जाने से उसका निशाना चूक गया और बादल बाल-बाल बच गए।
पंजाब में शिअद सरकार द्वारा 2007 से 2017 तक की गई ‘‘गलतियों’’ के लिए स्वर्ण मंदिर में ‘सेवादार’ के रूप में बादल की सजा का यह दूसरा दिन था, जिसे ‘कवर’ करने पहुंचे मीडियाकर्मियों के कैमरे में हमले का पूरा दृश्य ‘रिकॉर्ड’ हो गया।
इसे भी पढ़ें: हिमंता सरकार का बड़ा फैसला, सार्वजनिक स्थान पर गोमांस परोसने पर बैन