Arvind Kejriwal: दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में तिहाड़ जाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनीं इसे लेकर खुलासा हुआ है। पूर्व सीएम केजरीवाल ने हाल ही में बताया कि कि उनकी पत्नी को मुख्यमंत्री बनने में कोई रुचि नहीं है।
अरविंद केजरीवाल ने अपने एक संबोधन में कहा कि मैं जेल में था तो बहुत लोगों ने कहा कि अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बनाएंगे। मेरी धर्मपत्नी को मुख्यमंत्री बनने में कोई रुचि नहीं है। उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि मैं परिवारवाद नहीं करता। मेरा कोई रिश्तेदार राजनीति में नहीं है।
सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AAP
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि AAP दिल्ली की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उम्मीदवारों का चयन सोच समझकर किया जाएगा।
दिल्ली के पूर्व सीएम ने कहा कि ‘जो लोग मुझ पर परिवारवाद का आरोप लगा रहे थे उन्हें मैंने गलत साबित कर दिया। मैं परिवारवाद में बिल्कुल विश्वास नहीं रखता हूं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कोशिश कर रही है कि साम-दाम-दंड-भेद कुछ भी करके दिल्ली के काम बंद करवाएं। मुझे अबशब्द कहते थे कि केजरीवाल फ्री की रेवड़ी देता है। हालांकि अब मजबूरी में इन्हें हमारी भाषा बोलनी पड़ रही है। अब अमित शाह जी जा-जाकर बोलते हैं 200 यूनिट फ्री बिजली दूंगा।
केजरीवाल ने भाजपा पर साधा निशाना
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी देशभर में कहती है कि डबल इंजन की सरकार लाओ। डबल इंजन के चक्कर में मत पड़ना यह एक छलावा है। यूपी, एमपी, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत कई जगह डबल इंजन की सरकार है लेकिन कहीं भी फ्री बिजली, फ्री पानी, फ्री इलाज नहीं मिलता है।
बता दें कि दिल्ली में अगले साल फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल और आम आदमी पार्टी जनता के बीच जाकर आप सरकार के काम बताने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: India Economic Summit 2024: सबसे बड़े न्यूज इवेंट में उद्योग जगत के दिग्गज देंगे सफलता का मंत्र