Maharashtra: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद महायुति में मुख्यमंत्री कौन बनेगा इस पर मंथन जारी है। भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना और एनसीपी के समर्थक चाहते हैं कि मुख्यमंत्री उनकी पार्टी से बने। बीजेपी की ओर से देवेंद्र फडणवीस का नाम मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे चल रहा है। शिवसेना की ओर से एकनाथ शिंदे और एनसीपी की ओर से अजित पवार को मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि किसके नाम पर मुहर लगेगी ये तीनों पार्टियां मिलकर तय करेंगी।
मुख्यमंत्री बनने की चर्चाओं के बीच बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस दिल्ली आए और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर वापस मुंबई रवाना हो गए। खबर ये भी मिल रही है कि गृहमंत्री अमित शाह खुद मंगलवार को महाराष्ट्र दौरे पर जा सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अमित शाह मुंबई पहुंचकर कोई बड़ा सरप्राइज दे सकते हैं। शाह बतौर ऑब्जरवर भी महाराष्ट्र जा सकते हैं।
फडणवीस को मुख्यमंत्री बनना चाहिये- प्रवीण दरेकर
बीजेपी नेता प्रवीण दरेकर ने कहा कि ‘मेरी राय में फडणवीस को मुख्यमंत्री बनना चाहिये। महाराष्ट्र को एक चतुर और विद्वान नेता की जरूरत है। उन्होंने गठबंधन को एकजुट रखा, हमारे सहयोगियों को उम्मीदवार दिये और जरूरत पड़ने पर पीछे भी हट गए। उन्होंने हमेशा समन्वय रखा है। महाराष्ट्र की उनकी गहरी समझ को देखते हुए फडणवीस राज्य का नेतृत्व करने के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग फडणवीस को चाहते हैं, जो महाराष्ट्र को बहुत करीब से समझते हैं। शरद पवार के बाद, फडणवीस ही ऐसे व्यक्ति हैं, जो इस राज्य को गहराई से समझते हैं।
महाराष्ट्र में ‘बिहार फॉर्मूला’ पर चर्चा!
महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन को लेकर नए-नए फॉर्मूले सामने आ रहे हैं। शिवसेना शिंदे प्रवक्ता नरेश म्हस्के ने सोमवार को बिहार मॉडल का हवाला देते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे को ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में बने रहना चाहिए। ठीक वैसे ही जैसे बिहार में बीजेपी ने संख्याबल पर ध्यान न देकर जेडीयू नेता नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया था।
अजित पवार को सीएम बनाने की मांग
एनसीपी नेता अजित पवार से समर्थक उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। चुनाव के नतीजों के दिन ही अजित पवार की पत्नी ने भी उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने की वकालत की थी। एनसीपी नेता छगन भुजवल ने कहा कि अजित पवार भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं, लेकिन इस पर अंतिम फैसला तीनों पार्टियां मिलकर लेंगी।
एक सीएम, दो डिप्टी सीएम पर भी चर्चा
महाराष्ट्र में एक सीएम और दो डिप्टी सीएम के फॉर्मूले की भी सुगबुहाट चल रही है। अगर ऐसा होता है तो पहली बार नहीं होगा क्योंकि मौजूदा महायुति सरकार में एक मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री काम कर रहे हैं। हां इस बार सीएम एकनाथ शिंदे होंगे या देवेंद्र फडणवीस ये तो एक-दो दिन में पता चलेगा। बहरहाल मुख्यमंत्री बीजेपी से हो, शिवसेना से हो या फिर एनसीपी से, जनता ने महायुति को मेंडेट दिया है वह अपने आप में ऐतिहासिक है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव महायुति को प्रचंड जीत हासिल हुई है। 288 सीटों वाली विधानसभा में महायुति 233 सीटों पर जीतकर सरकार बनाने जा रही है। वहीं इंडिया गठबंधन को 49 सीट पर ही सफलता हाथ लगी है। अन्य के खाते में 6 सीटें आई हैं। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 149 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने 132 सीटों पर जीत हासिल की है। शिवसेना (शिंदे) ने 57 तो एनसीपी को 41 सीटों पर जीत मिली है। इंडिया गंठबंधन की तीनों ही पार्टियों के हाथ निराशा लगी है। शिवसेना यूबीटी- 20, कांग्रेस- 16 और एनसीपी (एसपी) को 10 सीट मिली हैं। समाजवादी पार्टी को 2 सीट पर जीत मिली है।
इसे भी पढ़ें: ‘महाराष्ट्र में सिर्फ भगवा ही चलेगा फतवा नहीं…’, ऐतिहासिक जीत के बाद नितेश राणे का बड़ा बयान