अफ़ग़ानिस्तान में भूकम्प से हुई तबाही और गहराते मानवीय संकट ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मानवीय सहायता धनराशि में हुई वैश्विक कटौतियों की एक बड़ी क़ीमत चुकानी पड़ रही है. यूएन मानवतावादी कार्यालय (UNOCHA) के अवर महासचिव टॉम फ़्लैचर ने चेतावनी दी है कि यदि संसाधन नहीं जुटाए गए, तो आम लोगों की पीड़ा बढ़ेगी और ज़िन्दगियाँ ख़त्म हो सकती हैं. इसके मद्देनज़र, उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से आगे बढ़कर सहायता धनराशि मुहैया कराए जाने की अपील की है.